एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वन महोत्सव का शुभारंभ, जिला प्रसासन टीम ने किया पौधारोपण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महोबा। एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जिला प्रशासनिक टीम ने वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए विभिन्न प्रजातियों के लगभग 500 पौधों का रोपण किया हैं। प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महाअभियान के तहत 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलने वाले वन महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को महोबा के नवीन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामनगर में किया गया। इस अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम थीम के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक राकेश गोस्वामी, जिलाधिकारी गजल भारद्धाज, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह, प्राचार्या आषी सिंह, एसडीएम जितेंद्र कुमार, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय मिश्रा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। प्रदेश में वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 35 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें महोबा जिले में 70,43,500 पौधे रोपे जाएंगे। इसमें से वन विभाग द्वारा 39 लाख और अन्य 25 विभागों द्वारा 31,43,500 पौधे लगाए जाएंगे। अब तक किए गए वृक्षारोपण से प्रदेश में लगभग तीन लाख एकड़ क्षेत्रफल में हरियाली बढ़ी है।

विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि हर व्यक्ति को पेड़ लगाना और बचाना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने माता-पिता से एक पेड़ लगाने की जिद करें, ताकि हर घर की तरह हर स्थान पर हरियाली फैले। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में भी वन विभाग को विशेष वृक्षारोपण की कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया।जिलाधिकारी गजल भारद्धाज ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों और विभागों में वृक्षारोपण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में 20 से अधिक चिन्हित स्थलों पर 2,000 से 5,000 तक पौधे एक साथ लगाए जाएंगे और उनकी सिंचाई व सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाएगी। निगरानी हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस कार्यक्रम में नवीन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 500 पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर महोबा वन प्रभाग के सभी वनकर्मी, शिक्षकों, विद्यार्थियों व अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें