
नूर खान नौगांव। नगर के राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में आयोजित 70वें मेला महोत्सव के अंतर्गत चल रहे लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट में सातवें दिन मंगलवार को क्रिकेट प्रेमियों को भरपूर रोमांच देखने को मिला। दिनभर चले मुकाबलों में कुल छह मैच खेले गए, जिनमें दो मुकाबले पहले राउंड तथा चार मुकाबले दूसरे राउंड के अंतर्गत संपन्न हुए। इसी दौरान लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट सभापति प्रतिनिधि अमित तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिन का पहला मुकाबला पिपरी सुपर और चांदौरा 11 के बीच खेला गया। चांदौरा 11 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 33 रन बनाए और 34 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिपरी सुपर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। इसी क्रम में दिन का दूसरा मुकाबला नौगांव वॉरियर्स और वनछौरा 11 के बीच खेला गया। नौगांव वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए और 92 रनों का लक्ष्य दिया। इस मुकाबले में अमित चंदेल ने मात्र 16 गेंदों में 36 रनों की विस्फोटक पारी खेली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी वनछौरा 11 की टीम केवल 45 रन ही बना सकी और नौगांव वॉरियर्स ने यह मुकाबला 47 रनों से जीत लिया। इसके तत्पश्चात तीसरा मुकाबला डॉक्टर के एन स्पोर्टिंग और डैन बिल्जेरियन के बीच खेला गया। एन स्पोर्टिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 61 रन बनाए और 62 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए डैन बिल्जेरियन की टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज की।

दिन का चौथा मुकाबला ग्रीन पिपरी बी और मां पीतांबरा कार बाजार के बीच खेला गया, जो पूरे दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला साबित हुआ। मां पीतांबरा कार बाजार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 63 रन बनाए और 64 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रीन पिपरी बी की टीम ने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर सात विकेट से मैच जीतकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। ग्रीन पिपरी बी की ओर से सौरभ रैकवार ने मात्र 8 गेंदों में 17 रन बनाकर टीम को तीसरे राउंड में पहुंचाया। वहीं, पांचवां मुकाबला मूनलाइट 11 और एलिट ईगल्स के बीच खेला गया। एलिट ईगल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 रन बनाए और 50 रनों का लक्ष्य दिया। मूनलाइट 11 की टीम ने दो विकेट शेष रहते यह मुकाबला जीत लिया। दिन का छठवां और अंतिम मुकाबला धौरा सरकार और किंग 11 सी के बीच खेला गया। धौरा सरकार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 74 रन बनाए और 75 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में किंग 11 सी की टीम केवल 38 रन ही बना सकी और धौरा सरकार ने यह मुकाबला 37 रनों से जीत लिया।
मैचों के दौरान स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !