
आशीष चौरसिया बकस्वाहा। बकस्वाहा जनपद क्षेत्र के ग्राम सैडारा में सिनर्जी संस्थान की संजीवनी टीम द्वारा बाल दिवस एवं बचपन उत्सव के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर और व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों अभिभावकों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के साथ संवाद सत्र से हुई जिसमें बाल अधिकार, बाल दिवस का महत्व और पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाल प्रेम जैसे विषयों पर चर्चा की गई। बच्चों ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछकर अपनी उत्सुकता दिखाई। इसके बाद बच्चों के सपनों, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य निर्माण पर विशेष सत्र रखा गया जिसमें उन्हें लक्ष्य प्राप्त करने के सरल और स्पष्ट तरीके बताए गए। साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजन में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में कुल 255 लोगों का परीक्षण किया गया। 8 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का हीमोग्लोबिन टेस्ट किया गया जबकि वयस्कों का हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर परीक्षण हुआ। ग्रामीणों ने इस स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाते हुए संजीवनी टीम के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा गाँव में जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े नारे लगाए गए, रैली ने पूरे गाँव में जागरूकता का माहौल बनाया।आयोजन में विद्यालय के शिक्षकगण, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा संजीवनी टीम के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और समुदाय में स्वास्थ्य, स्वच्छता, अधिकारों और भविष्य निर्माण को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा।अंत में बच्चों को चॉकलेट और नाश्ता वितरित किया गया और कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !