एक पखवाड़े बाद सड़क किनारे फिर मिला अज्ञात महिला का निर्वस्त्र शव, इलाके में फैली सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नीरज कुमार मौदहा हमीरपुर। एक पखवाडे बाद फिर क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का नग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार गुरुवार सुबह मौदहा-बसवारी मार्ग पर सड़क किनारे खेत में एक अज्ञात महिला का निर्वस्त्र शव पड़ा मिला, जिसे आवारा कुत्ते नोच रहे थे। यह दृश्य देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुट गई ।

फोटो-घटना स्थल की जांच करती पुलिस

बताया जा रहा है कि पिछले पखवाड़े भी इसी क्षेत्र के रीवन गांव में एक अर्धनग्न जली हुई महिला का शव मिला था, जिसकी गुत्थी पुलिस ने सुलझाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब यह दूसरी वारदात पुलिस के लिए नई चुनौती बनकर सामने आई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई हो सकती है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि सड़क किनारे खेत में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। बताते चलें कि पिछले पखवाड़े मिले शव की पहचान चंदला निवासी गायत्री के रूप में हुई थी, जबकि इस बार मिली महिला की पहचान न हो पाने से पुलिस को आशंका है कि यह महिला बाहरी क्षेत्र की हो सकती है।हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत कैसे हुई।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें