खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला किसान का शव, पास में मिली शराब की बोतल और गुटखा — परिजनों ने नशे की बात को किया खारिज, उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फाईल फोटो मृतक किसान कुलदीप कुशवाहा

 

नीरज कुमार हमीरपुर। जिले के मुस्कुरा थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक किसान का शव उसके ही खेत में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मुस्कुरा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी कुलदीप कुशवाहा (45) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से शराब की बोतल, डिस्पोजेबल गिलास, नमकीन का पैकेट, गुटखा, बीड़ी और कुछ दवाएं मिली हैं। हालांकि मृतक के परिजनों ने कुलदीप के नशा करने की बात को पूरी तरह से खारिज किया है। मृतक की मां रामश्री ने बताया कि मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे कुलदीप खेत की बखराई करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसका शव देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। रामश्री का कहना है कि उनका बेटा शराब नहीं पीता था, ऐसे में शराब की बोतल और गिलास वहां कैसे मिले, यह समझ से परे है।

कुलदीप के रिश्ते के बहनोई रमेश कुशवाहा ने बताया कि मृतक की शादी हो चुकी थी, लेकिन कुछ समय बाद तलाक हो गया था। उसके कोई संतान नहीं थी। वह अपनी मां के साथ रहता था और तीन बीघा खेत की खेती के साथ-साथ कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः किसी ने उसे शराब पिलाई होगी, जिसके बाद वह खेत में ही बेहोश होकर गिर गया और ठंड लगने से उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें