पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही छह लोगों ने रास्ता रोककर किसान पर कुल्हाड़ी व रॉड से किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अशोक नामदेव बमीठा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बसारी में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब खेत से लौट रहे किसान पर पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही छह लोगों ने रास्ता रोककर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बसारी निवासी किसान रमजान खान सोमवार की शाम अपने खेत से घर लौट रहा था। तभी गांव के ही किशोरी यादव, राईयां यादव, मनोज यादव, राजू यादव का लड़का एवं दो अन्य युवक, जिनके मुंह तौलिये से बंधे थे, ने मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने किसान रमजान खान पर कुल्हाड़ी और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में रमजान खान के दोनों पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, इसके बाद ग्रामीणों ने उसे घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमीठा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना पर पहुंची बमीठा थाना पुलिस ने घायल किसान रमजान खान की रिपोर्ट पर मारपीट एवं अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें