विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर वृद्धाश्रम में जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

परिंदा पोस्ट छतरपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई को समग्र विकास महिला समिति द्वारा लवकुशनगर के वृद्धाश्रम में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थितजनों को तंबाकू और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ग्राम ज्योराहा में एक रैली निकालकर नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी वीरेंद्र सराफ ने जानकारी सांझा करते हुए कहा कि नशा परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है। तंबाकू का सेवन न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी परिवार को कमजोर बनाता है। उन्होंने युवाओं से नशा छोड़ने की अपील की। दीपक खरे ने भी नशा मुक्ति की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए नशा त्याग अनिवार्य है।

लवकुशनगर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सीता देवी द्विवेदी ने सभी को नशा न करने की शपथ दिलाई और नशा मुक्त जीवन की प्रेरणा दी। ब्रह्माकुमारी आश्रम की बहनों ने भी तंबाकू के हानिकारक प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शिवपूजन अवस्थी, विमला देवी साहू, राम रूप द्विवेदी, समिति के अध्यक्ष, सचिव और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

वहीं ग्राम ज्योराहा में समिति की सचिव विमला देवी साहू की उपस्थिति में रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को तंबाकू व नशे से दूर रहने हेतु जागरूक किया गया। समिति ने स्थानीय जनों और वृद्धाश्रम के सदस्यों के सहयोग के लिए आभार जताया। यह आयोजन नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास साबित हुआ।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें