नल से पानी भरने से रोका तो भड़के हमलावर, एक ही परिवार के पांच सदस्यों को लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से किया घायल, जिला अस्पताल रेफर
परिंदा पोस्ट इसरार खान पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बढ़ती गर्मी के साथ ही पानी की किल्लत गंभीर रूप लेती जा रही है,गर्मी की तपिश के साथ-साथ अब बुंदेलखंड के गांवों में पानी की किल्लत तनाव और हिंसा की वजह बनती जा रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि पानी को लेकर अब खूनी संघर्ष के मामले भी सामने आने लगे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज और दुखद मामला पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कृष्णगढ़ गांव से सामने आया है, जहां नल से पानी भरने से मना करने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में एक ही परिवार के पांच लोगों को लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की वजह रही पानी की कमी
जानकारी के अनुसार कृष्णगढ़ निवासी दल्लू वंशकार के घर पर लगे नल से पेयजल सप्लाई के दौरान गांव के कुछ लोग पानी भरने पहुंचे। लेकिन दल्लू वंशकार ने पानी की मात्रा कम बताते हुए भरने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज करीब चार से पांच लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और दल्लू वंशकार के परिवार पर हमला कर दिया।
हमले में पांच लोग घायल, जिला अस्पताल रेफर
हमले में दल्लू वंशकार, उनकी पत्नी रामकली, भाई नत्थू, बेटा बृजेंद्र और बेटी रोशनी को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
घायलों की शिकायत पर पवई थाना में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। यह घटना क्षेत्र में पानी की भयावह स्थिति और उससे उपजते सामाजिक टकराव की गंभीरता को उजागर करती है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

