परिंदा पोस्ट छतरपुर।सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत देरी रोड पर हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की देशी अद्धी और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक बाल्मिक चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सागर रोड के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फरियादी की शिकायत पर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गए थे। मुखबिर से मिली सूचना और साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश के महोबा और बांदा की ओर भागे हैं।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों आरोपियों को बांदा जिले से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ बिट्टू मिश्रा निवासी ग्राम उजरा, वर्तमान निवासी सीताराम कॉलोनी छतरपुर एवं राजवर्धन उर्फ राज उर्फ क्षितिज सिंह पिता जगदीप सिंह चौहान निवासी दुर्गा कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 12 बोर की देशी अद्धी और एक बाइक बरामद की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि बिट्टू मिश्रा पूर्व में भी हत्या के प्रयास जैसे मामलों में आरोपी रह चुका है। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है, वहीं मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !
