पीएम श्री कन्या विद्यालय बकस्वाहा में सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन समर कैंप समारोह संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

                           परिंदा-पोस्ट

बकस्वाहा। शिक्षा विभाग के निर्देशन में संचालित पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकस्वाहा में आयोजित सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन समर कैंप का समापन समारोह संपन्न किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अरविंद तिवारी ने की और संचालन शिक्षिका राधव नापित ने किया । मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वृजगोपाल सोनी उपस्थित रहे। विशेष आमंत्रित अतिथियों में वरिष्ठ पत्रकार विनोद कुमार जैन, अंशुल आसाटी, अभिषेक आसाटी एवं जतिन राय शामिल रहे।

 18 छात्राओं ने सीखे जीवन कौशल, आत्मरक्षा व सांस्कृतिक गतिविधियाँ

15 से 21 मई तक चले समर कैंप में कुल 18 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान उन्हें संगीत, लोकनृत्य, खेलकूद, समूह गतिविधियाँ, योग अभ्यास, आत्मरक्षा एवं जीवन कौशल संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण को बढ़ावा देना रहा। समूची व्यवस्था विद्यालय स्टाफ व प्रशिक्षकों द्वारा सुनियोजित ढंग से की गई।

प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को किया गया सम्मानित

समापन अवसर पर विशिष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि वृजगोपाल सोनी ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि – “इस तरह के शिविर न सिर्फ बालिकाओं में आत्मविश्वास का संचार करते हैं, बल्कि उनके भीतर छिपी संभावनाओं को भी उजागर करते हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बिखेरा रंग

समारोह के अंतिम चरण में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत समूह गीत, नृत्य और योग प्रदर्शन ने समस्त उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में विद्यालय परिवार के साथ-साथ अनेक अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।

 

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें