जिम्मेदारों की लापरवाही से स्कूली बच्चों की जान पर खतरा
परिंदा~पोस्ट छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की महाराजपुर तहसील अंतर्गत गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र से प्रशासनिक लापरवाही की एक भयावह तस्वीर सामने आई है। जहां ग्राम गणेशपुरा लिंक रोड पर बने उर्मिल बांध के पुल पर पानी बहने के बावजूद छोटे-छोटे स्कूली बच्चे और ग्रामीण रोजाना जान जोखिम में डालकर पुल पार करने को मजबूर हैं।
ग्रामवासियों ने बताया कि पानी पुल पर आने से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए यह मार्ग मौत का सफर बन गया है। बच्चों के माता-पिता रोजाना चिंता में डूबे रहते हैं, लेकिन मजबूरीवश उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यही समस्या होती है। उन्होंने बताया कि अगर डेम के फाटक खोल दिए जाएं, तो पुल पर भरे पानी का स्तर कम हो सकता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों, नेताओं, अधिकारियों और जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को आगाह किया हैं कि यदि समय रहते पुल पर बह रहे पानी को खाली नहीं कराया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और जिम्मेदार मानो हादसे के इंतजार में बैठे हैं।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

