मोहित पाटकर महोबा। जिले के तहसील कुलपहाड़ में संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारीयों से सख्त लहजे में कहा कि शिकायतों का समाधान कागजों में नहीं, जमीनी स्तर पर नजर आना चाहिए। इस समाधान दिवस में कुल 67 शिकायतें आईं, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसी तरह तहसील महोबा में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व रामप्रकाश की अध्यक्षता में 20 में से 3 शिकायतें तथा तहसील चरखारी में उपजिलाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में 32 में से 2 शिकायतों का समाधान मौके पर किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक हो। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से संवाद जरूर किया जाए, और यदि वह संतुष्ट नहीं है, तो उस शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाए क्योंकि मुख्यमंत्री कार्यालय स्वयं इनका फीडबैक लेते है। डीएम गजल भारद्वाज ने दो टूक कहा कि यदि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही या फर्जीवाड़ा सामने आता है, तो संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने लेखपालों को निर्देश दिया कि जब वे अपने क्षेत्र में जाएं तो ढोल/दिग्गी पिटवाकर सूचना दें ताकि ग्रामीण एकत्र हो सकें और अपनी समस्याएं रख सकें। किसी भी बड़ी समस्या की सूचना तत्काल उपजिलाधिकारी को दें। उक्त कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

