नरेंद्र दीक्षित बड़ामलहरा। बड़ामलहरा के सम्पूर्ण क्षेत्र के मठ-मंदिरों में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के साथ साथ मनाया गया। सनातन परंपरा की अनुपम छवि इन आयोजनों में परिलक्षित हुई, जहाँ शिष्यों ने अपने गुरुओं की विधिवत पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही भंडारे व प्रसाद वितरण के आयोजनों से वातावरण पूर्णत: आध्यात्मिक बना रहा।बड़ामलहरा अंचल के रामबाग हनुमान बाग मंदिर आश्रम, पुखरिया सरकार और बरेठी धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों पर गुरु पूर्णिमा के विशेष आयोजन संपन्न हुए। रामबाग में महंत मोहित दास जी, पुखरिया सरकार में महंत रामानुजाचार्य जी, तथा बरेठी धाम में पंडित हरिनारायण गर्ग शास्त्री जी के सान्निध्य में भक्तों की भीड़ सुबह से ही उमड़ पड़ी।
शिष्यों ने गुरु-शिष्य परंपरा का पालन करते हुए अपने-अपने गुरुओं की पूजा अर्चना की और सामर्थ्यानुसार यथोचित गुरु दक्षिणा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्ति भाव से परिपूर्ण इस महोत्सव में श्रद्धालुओं ने भंडारे में भाग लेकर प्रसाद भी ग्रहण किया। गांव-गांव में इस आध्यात्मिक पर्व की छटा देखने योग्य रही, जहां आस्था, सेवा और गुरु भक्ति के साथ बुंदेलखंड की आत्मा फिर एक बार गौरवांवित हुई।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

