शिक्षक पर मारपीट का आरोप, एफआईआर की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों का प्रदर्शन, ढाई घंटे थमा रहा नेशनल हाईवे
विनोद कुमार जैन बकस्वाहा। बकस्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम जैतूपुरा में मंगलवार को ताश के खेल से शुरू हुआ मामूली विवाद गुरुवार को तनावपूर्ण रूप ले बैठा। 70 वर्षीय बुज़ुर्ग दयाराम सिसौदिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शिक्षक बैजनाथ दुबे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए बकस्वाहा बस स्टैंड पर नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब ढाई घंटे तक चले इस जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के आश्वासन के बाद रात 11 बजे जाकर जाम समाप्त कराया जा सका।
ताश खेलने से शुरू हुआ विवाद, गंभीर मारपीट का आरोप
परिजनों के अनुसार, मंगलवार को दयाराम सिसौदिया ग्राम बगरौदा स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने गए थे। मंदिर परिसर में कुछ ग्रामीण ताश खेल रहे थे, जिनमें दयाराम भी बैठ गए। इसी दौरान जैतूपुरा निवासी शिक्षक बैजनाथ दुबे, जो कथित रूप से नशे में थे, वहां पहुंचे और ताश की गड्डी छीनकर फाड़ दी। विरोध करने पर दयाराम को गाली दी और ₹100 देकर नया ताश लाने को कहा। जब दयाराम ने अपमान का विरोध किया, तो बैजनाथ ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें पहले घर और फिर बकस्वाहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी हालत बिगड़ती रही और गुरुवार शाम करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई। दयाराम की मौत के बाद जैतूपुरा गांव में आक्रोश फैल गया। शाम 8:30 बजे ग्रामीण शव को लेकर बकस्वाहा बस स्टैंड पहुंचे और नेशनल हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों तहसीलदार भरत पांडे और नगर निरीक्षक सुनीता बिदुआ ने काफी देर तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उक्त प्रदर्शनकारियों ने उनकी बात नहीं मानी जिसके बाद रात 10 बजे एसडीओपी रोहित अलावा बड़ामलहरा से बकस्वाहा पहुंचे। उन्होंने परिजनों से संवाद कर बयान लिए और FIR दर्ज करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद रात 11 बजे ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। जाम के कारण नेशनल हाईवे पर दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हल्के वाहन वैकल्पिक मार्गों से निकाले गए, जबकि ट्रक और यात्री बसें हाईवे पर ही फंसी रहीं। अंधेरे और तनावपूर्ण स्थिति के बीच पुलिस व प्रशासन के अधिकारी हालात को संभालने में लगे रहे।
मृतक दयाराम सिसोदिया फाइल फोटो
शिक्षक पक्ष की सफाई: जानबूझकर फंसाया जा रहा है
आरोपित शिक्षक बैजनाथ दुबे के भाई श्रीराम दुबे ने कहा कि दयाराम शराब बेचते थे, जिसकी शिकायत मेरे भाई ने की थी। मंगलवार को दयाराम ने मजाक में गाली दी थी, जिस पर मेरे भाई ने हल्का धक्का दिया था। मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई। अब उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।
पुलिस का बयान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
एसडीओपी रोहित अलावा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा की गई शिकायत की जांच की जा रही है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

