ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन: 65 खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र किए वितरित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

परिंदा पोस्ट बकस्वाहा। वीरांगना रानी अवंतीबाई खेल परिसर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह सम्पन्न किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 27 अप्रैल से प्रारंभ होकर एक माह तक चला, जिसमें कुल 65 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

शिविर में प्रतिभागियों को वॉलीबॉल एवं फुटबॉल की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक एवं सायं 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया गया। फुटबॉल का प्रशिक्षण वर्षा राजपूत, व्यायाम शिक्षक द्वारा एवं वॉलीबॉल का प्रशिक्षण भूपेंद्र सिंह परिहार द्वारा प्रदान किया गया।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष संदीप खरे उपस्थित रहे। उनके साथ एडवोकेट बृजेश बिल्थरे, मंडल महामंत्री महेंद्र बवुआ एवं व्यायाम शिक्षक देवी सिंह राजपूत भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक बसंती अहिरवार ने किया।

समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि संदीप खरे ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से खिलाड़ियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और खेलों के माध्यम से युवा अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र की बेटी क्रांति गोंड का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और समर्पण से हर खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकता है।

व्यायाम शिक्षक देवी सिंह राजपूत ने बताया कि खेल परिसर का कार्य अंतिम चरण में है और भविष्य में यहां विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में भूपेंद्र सिंह परिहार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें