पन्ना टाइगर रिजर्व में एक नर तेंदुआ, एक मादा तेंदुआ शावक और एक भालू समेत तीन वन्यजीवों की मौत से मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परिंदा पोस्ट इसरार खान पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणियों की रहस्यमयी मौत का सिलसिला जारी है. पिछले बीते दो सप्ताह में तीन वन्यजीवों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक नर तेंदुआ, एक मादा तेंदुआ शावक और एक भालू शामिल हैं।इन वन्य प्राणीओं की मौत से पन्ना टाइगर रिजर्व में हड़कंप के हालात बने हुए हैं।

ताजा मामला दक्षिण हिनौता क्षेत्र के कक्ष क्रमांक-537 में नर तेंदुए के शव मिलने का है। घटना की जानकारी पर सतना से डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मामले ने तूल पकड़ा तो भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर और फील्ड डायरेक्टर को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पत्रकार वार्ता कर स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया किसी भी प्रकार की शिकार या पोचिंग की आशंका नहीं है।

प्रबंधन के अनुसार तीनों मामलों में मृत्यु के कारण अलग-अलग हैं। सबसे पहले चार माह की मादा तेंदुआ शावक की मौत हुई थी, फिर गंगऊ क्षेत्र में भालू का शव मिला और हाल ही में नर तेंदुए की मौत हुई। सभी मामलों में बीमारी को संभावित कारण माना जा रहा है।

टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि सभी मृत वन्यजीवों के सेम्पल लेकर शोध संस्थानों को भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वन्यजीवों की सतत निगरानी के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

पन्ना टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर प्रबंधन अलर्ट मोड पर है और किसी भी संभावित खतरे को लेकर गंभीरता से जांच जारी है।

 

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें