
नरेंद्र दीक्षित बड़ामलहरा। पुलिस अनुभाग के भगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत घुवारा पुलिस चौकी के ग्राम कुटोरा में जमीनी विवाद के चलते दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों भाइयों के बीच हुए लाठी-डंडों से इस झगड़े में 55 वर्षीय चुन्नू अहिरवार की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी अनुसार दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार की दोपहर यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। झगड़े में चुन्नू अहिरवार को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस झगड़े में सुरेंद्र अहिरवार गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद टीकमगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, सावित्री अहिरवार और कल्लू बाई अहिरवार सहित अन्य घायलों का इलाज घुवारा अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलने पर घुवारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी पक्ष के खिलाफ हत्या और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि हत्या की मुख्य वजह जमीन का पुराना विवाद है। मृतक के परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं, वहीं गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !