
नीरज कुमार मौदहा-हमीरपुर। मौदहा-कपसा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 17 पर बन रहे अंडरपास ब्रिज के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और बजरंगधाम आश्रम के महंत रघुनंदन दास सहित अन्य संतों व नगरवासियों ने जिलाधिकारी घनश्याम मीणा को ज्ञापन सौंपकर अंडरब्रिज निर्माण रोकने और ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग की। संतों और नागरिकों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया कि मौदहा क्षेत्र में अब तक बनाए गए अधिकांश अंडरपास ब्रिज हर बरसात में जलभराव से घिर जाते हैं,जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। कई अंडरपास तो निर्माण के कुछ ही समय बाद जर्जर हालत में पहुंच गए हैं, जो इनके नीचे से गुजरने वाले राहगीरों के लिए मौत का साया बनकर खड़े हैं। इसी तरह यदि कपसा रेलवे क्रॉसिंग पर भी अंडरपास ब्रिज बनाया गया, तो बरसात के समय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बजरंगधाम आश्रम के पास गेट नंबर 17 पर स्थित यह अंडरब्रिज मार्ग बांदा व चित्रकूट जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग है। जलभराव की स्थिति में यह सड़क पूरी तरह से बंद हो जाएगी और लोगों का आना-जाना काफी मुश्किल हो जाएगा। महंत रघुनंदन दास ने कहा कि अंडरब्रिज के बजाय ओवरब्रिज का निर्माण ही जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए उचित होगा।अंडरब्रिज बनने से जहां जलभराव की समस्या बढ़ेगी, वहीं सड़क यातायात भी लंबे समय तक बाधित रहेगा। डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में स्थानीय नागरिकों और संत समाज ने मांग की है कि यहां अंडरपास ब्रिज के स्थान पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारू और सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन देने वालों में संत गोपाल दास, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अहमद हसन, दीपू सिंह, एवं बजरंगधाम आश्रम ट्रस्ट के सदस्य शामिल रहे।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !