राजवाड़ी हार के नाम पर शिक्षक से ठगी : नशीला पदार्थ खिलाकर तीन लाख रुपये उड़ाए, बीना स्टेशन पर हुई वारदात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शुभम चौधरी बीना। बीना में एक शिक्षक के साथ ठगी और नशा खिला कर लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना तब हुई जब शिक्षक राजस्थान से ट्रेन द्वारा लौट रहे थे और रास्ते में एक अनजान व्यक्ति से उनकी मुलाकात ट्रेन में ही हो गई।जानकारी के अनुसार ट्रेन में यात्रा के दौरान आरोपी युवक ने शिक्षक से बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उसका विश्वास जीत लिया। बातचीत में उसने खुद को राजवाड़ी परिवार का सदस्य बताते हुए कहा कि उसके पास असली सोने का राजवाड़ी हार है जिसे बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा सकता है। विश्वास और लालच में आए शिक्षक को आरोपी ने बीना रेलवे स्टेशन पर मिलने के लिए बुलाया। तय समय पर जब शिक्षक स्टेशन पहुंचे, तो ठग ने उन्हें पेय पदार्थ में नशीला तत्व मिलाकर पिला दिया। जिसके बाद कुछ ही देर में शिक्षक बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान मौका पाते ही आरोपी ठग ने शिक्षक के पास रखे करीब तीन लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। होश में आने के बाद शिक्षक ने घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 123, 318(4) और 506 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके।

सूत्रों के अनुसार आरोपी ने ट्रेन में शिक्षक को हार दिखाने और साझेदारी में बेचने का लालच देकर पहले से ही उसका विश्वास हासिल कर लिया था। घटना के बाद पुलिस आसपास के स्टेशनों और टिकट बुकिंग डाटा की भी जांच कर रही है। यह घटना यात्रियों के लिए एक चेतावनी भरा संदेश बन गई है कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें