मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित करवाई : यात्री बस में छिपाकर ले जाया जा रहा था भारी मात्रा में अवैध तांबा, छतरपुर व्यापारी से जुड़ा बताया जा रहा मामला, जीएसटी चोरी की आशंका— जांच शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

(विशेष रिपोर्ट) नूर खान नौगांव। रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे नौगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छतरपुर से दिल्ली जा रही खजुराहो ट्रैवल्स की यात्री बस से लगभग साढ़े छह क्विंटल अवैध तांबा जब्त किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यात्री बसों के माध्यम से अवैध रूप से कीमती धातुओं की सप्लाई की जा रही है।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम के साथ संबंधित स्थान पर पहुंची और नौगांव से होते हुए दिल्ली की ओर जा रही एक यात्री बस को रोका गया और उसकी गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस के नीचे बनाई गई गुप्त डिग्गी में भारी मात्रा में 6 क्विंटल अवैध तांबा मिला। पुलिस ने जब चालक और स्टाफ से दस्तावेज मांगे तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छतरपुर सहित आसपास के जिलों से लंबे समय से यात्री बसों के माध्यम से माल भाड़ा और स्क्रैप कारोबार की आड़ में अवैध तांबा व अन्य धातुओं की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि यह पूरा नेटवर्क जीएसटी चोरी से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अवैध माल को बस से उतारने के बाद बस को आगे जाने दिया। जब्त तांबे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने माल कब्जे में लेकर जीएसटी विभाग को रिपोर्ट भेज दी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार नौगांव और छतरपुर क्षेत्र में स्क्रैप व्यवसाय की आड़ में अवैध धातु परिवहन का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय है। पुलिस प्रशासन अब इस पूरे नेटवर्क की निगरानी और आगे की कार्रवाई में जुट गया है।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें