@परिंदा~उमाशंकर पटेल छतरपुर। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा वर्ग-2 का परिणाम चार महीने बीत जाने के बाद भी घोषित नहीं होने से अभ्यर्थियों में गहरा आक्रोश है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को जिले के दर्जनों अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने उल्लेख किया कि संबंधित विभाग द्वारा यह भर्ती प्रक्रिया दिसंबर 2022 से शुरू हुई थी और अप्रैल 2023 में इसकी पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी, इसके बाद लंबे समय इंतजार के बाद अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा संपन्न कराई गई। बावजूद इसके अब तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है।अभ्यर्थियों ने कहा कि ढाई साल से अधिक समय से इस भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थी अपने भविष्य को लेकर मानसिक तनाव और असमंजस में हैं। शिक्षक परीक्षा परिणाम में देरी से न केवल उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि योग्य शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया ठप हो गई है, जिससे विभागीय कामकाज भी प्रभावित है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र परिणाम जारी नहीं किया गया तो उन्हें भोपाल स्थित कर्मचारी चयन मंडल और लोक शिक्षण संचालनालय के सामने प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
सरकार से त्वरित कार्रवाई की अपील
अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस गंभीर विषय को शीघ्र संज्ञान में लेकर परीक्षा परिणाम घोषित करेगी, ताकि उम्मीदवारों की भविष्य संबंधी अनिश्चितता समाप्त हो सके।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !
