नशे से दूरी, है जरूरी अभियान के तहत बीना रेलवे स्टेशन रोड स्थित झुग्गी बस्ती में चलाया गया जागरूकता अभियान 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शुभम चौधरी ब्यूरो बीना । पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में संचालित “नशे से दूरी, है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान के तहत पुलिस जिले के शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बीना एसडीओपी नितेश पटेल एवं थाना प्रभारी बीना निरीक्षक अनूप यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में लोगों से संवाद किया और नशे से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराया।

आपकी जानकारी के लिए बता दू कि यह इलाका उन वर्गों का है, जो समाज की मुख्यधारा से अक्सर कटे रहते हैं। यहां नशे की लत और उससे जुड़ी पारिवारिक व सामाजिक समस्याएं आम बात हैं। इसी को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने सभी को नशा नहीं करने व समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों से चर्चा करते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि उसके परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति पर भी गहरा असर डालता है। कई बार नशे की लत अपराधों को जन्म देती है, जिससे व्यक्ति कानून के शिकंजे में भी फँस जाता है। एसडीओपी बीना नितेश पटेल ने नशे के चंगुल में फँसे युवाओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें जागरूक किया और शिक्षा व रोजगार की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। थाना प्रभारी अनूप यादव व उनकी टीम ने क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस सिर्फ कानून का पालन कराने वाली नहीं, बल्कि समाज निर्माण की जिम्मेदारी निभाने वाली एक मानवतावादी संस्था भी है। यह अभियान उन संवेदनशील इलाकों में चलाया गया, जहां नशे की उपलब्धता और प्रचलन की संभावना अधिक रहती है। पुलिस का यह सीधा संवाद व संकल्प युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ जनमानस का भरोसा भी मजबूत करता है। सागर पुलिस द्वारा संचालित इस जन-जागरूकता अभियान को पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके के मार्गदर्शन में लगातार प्रभावी बनाया जा रहा है। एक नशामुक्त समाज ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव है।

नोट : सागर पुलिस — समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें