कोबरा के काटने पर युवक ने धारदार हथियार से काट डाली अपनी उंगली, कटी उंगली पन्नी में लेकर पहुंचा जिला अस्पताल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इसरार खान पन्ना। जिला अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी कटी हुई उंगली को पन्नी में भरकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा। मामला अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिद्धपुर का है, जहां 32 वर्षीय रामकिशोर लोध नामक युवक को जहरीले कोबरा सांप ने हाथ की उंगली में डस लिया। ज़हर के असर और डर से घबराए युवक ने जो साहसिक कदम उठाया, वह सभी को हैरान कर गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामकिशोर अपने कच्चे मकान की मरम्मत का कार्य कर रहा था, तभी अचानक एक ज़हरीले कोबरा ने उसकी उंगली में काट लिया। सांप के डसते ही रामकिशोर ने ज़हर के फैलने से बचने के लिए तत्काल साहस दिखाते हुए धारदार हथियार से अपनी ही उंगली काट डाली। उंगली को पन्नी में भरकर वह गंभीर अवस्था में अजयगढ़ से पन्ना जिला अस्पताल पहुंचा। जिला अस्पताल में जब वह अपनी कटी हुई उंगली लेकर पहुंचा तो देखने वालों की भीड़ एकत्र हो गई। पीड़ित युवक रामकिशोर लोधी ने बताया कि मैं बहुत डर गया था, सांप को पहचान लिया था कि कोबरा है, इसलिए अपनी जान बचाने के लिए यह कदम उठाया ।

फिलहाल रामकिशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। डॉक्टरों का कहना है कि रामकिशोर की उंगली का ऑपरेशन किया जाएगा, लेकिन ज़हरीले दंश और उंगली के कटने की दशा को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि उंगली दोबारा जोड़ी जा सकेगी।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें