इसरार खान पन्ना। जिले के पुरषोत्तमपुर गांव में दो दिन पूर्व जमीनी विवाद को लेकर हुए हवाई फायरिंग के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। जहां पहले एक पक्ष ने कोतवाली और एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी, वहीं अब दूसरे पक्ष ने भी एसपी कार्यालय व कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए स्वयं को निर्दोष बताया है। उन्होंने हरिराम यादव व परिजनों पर जानलेवा हमला, गाड़ी में तोड़फोड़, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और 70 हजार रुपये की लूट का आरोप लगाया है।
दूसरे पक्ष द्वारा बताया गया है कि वह 17 जून को पन्ना के पुरषोत्तमपुर स्थित खेत में सीमांकन के लिए पहुंचा था। यह सीमांकन तहसीलदार के आदेशानुसार 19 मई को तय किया गया था, जिसकी तिथि 17 जून को सुबह 12 बजे रखी गई थी। जब संबंधित व्यक्ति अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, तभी हरिराम यादव, पुरुषोत्तम यादव और उनके दो पुत्र, दो नाती, तीन बेटियां, पत्नी और दो बहुएं वहां कुल्हाड़ी, डंडे और दो देशी कट्टों के साथ आ धमके और उक्त लोगों ने गाड़ी पर हमला कर तोड़फोड़ की, गाड़ी में बैठे लोग जैसे ही बाहर निकले, दो फायर किए गए। इसके बाद गाड़ी में रखे 70 हजार रुपये लूट लिए गए। ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा गया है कि हरिराम यादव आदि का उस भूमि पर किसी भी प्रकार का स्वामित्व नहीं है, न ही उनका नाम शासकीय अभिलेखों में दर्ज है।
इस मामले में एडिशनल एसपी वंदना सिंह चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

