महोबा में 4485 अभ्यर्थियों ने छोड़ी वन अधिकारी परीक्षा, शांतिपूर्वक संपन्न हुई परीक्षा : डीएम-एसपी ने खुद संभाली व्यवस्था 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

अशोक पाटकर महोबा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी (ACF/RFO) परीक्षा जनपद महोबा में रविवार को शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में हुई, जिसमें कुल 8,452 अभ्यर्थियों में से 4,485 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा जनपद के कुल 9 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई, जिनमें मुख्यालय के साथ-साथ चरखारी में तीन और श्रीनगर में एक केंद्र शामिल रहा। पहली पाली में 1,487 अभ्यर्थी उपस्थित और 2,240 अनुपस्थित, वहीं दूसरी पाली में 1,482 अभ्यर्थी उपस्थित और 2,245 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह स्वयं मैदान में उतरे और केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा और परीक्षार्थियों की सुविधा का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा नहीं होनी चाहिए, सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारु रहें। वहीं, एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने पुलिस बल को सख़्त निर्देश दिए कि केंद्रों की परिधि में किसी भी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था न होने दी जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

परीक्षा के दौरान एएसपी वंदना सिंह भी निरीक्षण में मौजूद रहीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही थी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात व्यवस्था और पीआरवी वाहन मुस्तैदी से तैनात रहे, जिससे यह परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। 

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें