महर्षि वाल्मीकि जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, ढोल-नगाड़ों और जयघोषों से गूंजा कस्बा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नीरज कुमार हमीरपुर। मौदहा कस्बे में संस्कृत के महान विद्वान और आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई नगरपालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद उर्फ श्रीनाथ और भीम आर्मी के मंडल संयोजक संदीप बाल्मीकि ने की।

कस्बे में महर्षि बाल्मीकि जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमे दलितोद्धार और अंधकार से प्रकाश की ओर आने का मार्ग शिक्षा पर जोर दिया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ अम्बेडकर पार्क से हुआ, जो रहमानिया कॉलेज, मलीकुआ चौराहा, थाना चौराहा, नेशनल चौराहा, देवी चौराहा, कांजी हाउस होते हुए इलाही तालाब स्थित सत्ती माता मंदिर तक पहुंची। रास्ते भर शोभायात्रा में महापुरुषों की झांकियां, भगवा पताकाएं और ढोल-नगाड़ों की गूंज आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। युवा वर्ग ढोल की थाप पर झूमता नजर आया, जबकि “जय भीम” और “जय वाल्मीकि” के जयघोषों से पूरा कस्बा गूंज उठा।

 

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा को समाज में जागरूकता और समानता का आधार बताते हुए दलितोद्धार और नारी सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। युवाओं से नशामुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ने और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया गया।

इस मौके पर संदीप बाल्मीकि, कामता प्रसाद, उमाशंकर मधुपिया, रेहान खान, माया बाल्मीकि, अनिकेत, अंकित, राकी सहित हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। युवाओं ने बाइकों पर महापुरुषों के जयघोष के साथ रैली निकालकर माहौल को ऊर्जावान बना दिया।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें