दरवाज़े पर झाड़ू लगाती 54 वर्षीय महिला पर आवारा बैल ने किया हमला, बैल का सींग गर्दन के आर-पार होने से महिला की मौके पर दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

@परिंदा: नरेंद्र दीक्षित छतरपुर। छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सड़वा में दरवाज़े पर झाड़ू लगाते समय महिला पर एक आवारा बैल ने अचानक हमला कर दिया, जिससे बैल का सींग महिला के गले के आर-पार हो गया। इस भयानक हादसे में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका के पुत्र शिवकुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसकी 54 वर्षीय मां सगुनिया अहिरवार मंगलवार की शाम अपने दरवाज़े पर झाड़ू लगा रही थी इसी दौरान आवारा बैल दौड़ाता हुआ आया और उनपर हमला कर दिया जिससे बैल का सींग मां के गले के आर-पार हो गया और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इस दर्दनाक हादसे के बाद बड़ामलहरा थाना पुलिस ने मर्ग क़ायम करते हुए मृतका का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है।

● जानें क्या है वजह..

आपको बता दें कि पशुपालकों द्वारा गौवंश को दूध निकालने के बाद खुले में छोड़ दिया जाता है, जिसके कारण वे गलियों, सड़कों और रिहायशी इलाकों में आवारा घूमते रहते हैं और अक्सर लोगों पर हमला कर देते हैं। ऐसे हमलों में कई लोग घायल हो जाते हैं और कभी-कभी अपनी जान तक गंवा बैठते हैं, जैसा कि हाल ही में इस महिला के साथ हुआ।

इसका दूसरा पहलू यह है कि आवारा पशु और गौवंश सड़कों पर बैठे रहते हैं, जिससे वे तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ जाते हैं या फिर वाहन चालक और बाइक सवार उनकी वजह से हादसों का शिकार हो जाते हैं। नतीजतन, कभी वाहन गौवंश को घायल करते हैं तो कभी वाहन चालक और आमजन उनकी चपेट में आकर जानलेवा दुर्घटनाओं का सामना करते हैं। हालांकि, छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने हाल ही में खंड स्तरीय अधिकारियों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि गौवंश को खाली पड़ी गौशालाओं में रखा जाए, उन्हें सड़कों पर आवारा विचरण न करने दिया जाए और उनके भोजन-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लेकिन, इन आदेशों पर कोई अमल नहीं हो रहा है। कलेक्टर के निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिससे जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही उजागर होती है और हालात जस के तस बदतर बने हुए हैं।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें