नेपाल हिंसा में फंसे एमपी छतरपुर के चार परिवार के 14 लोग, सीएम मोहन यादव ने लिया संज्ञान — पीएम मोदी से लगाई सुरक्षित वापसी की गुहार : स्थानीय विधायक ललिता यादव ने भी वीडियो कॉलिंग के जरिए छतरपुरवासियों का जाना हाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संपादकीय रिपोर्ट—राजेश चौरसिया छतरपुर। नेपाल की राजधानी काठमांडू में जारी बढ़ती हिंसा, प्रदर्शनों, आगजनी और तोड़फोड़ के बीच भारत के हजारों लोग फंसे हुए हैं, जहां मौजूद भारतीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। वहां के हालात बिगड़ने पर भारतवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित भारत लौटाने की गुहार लगा रहें है। इन्हीं में से मध्यप्रदेश छतरपुर जिले के चार परिवार के 14 लोग भी शामिल हैं। इन्हीं हालातों के बीच फंसे छतरपुरवासी एक होटल के भीतर कैद होकर सुरक्षा का इंतजार कर रहे हैं। छतरपुरवासियों ने भारत सरकार से नेपाल की राजधानी काठमांडू के मौजूदा हालातों को सांझा करते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित भारत लौटाने की गुहार लगाई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया हैं। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सकुशल वापसी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

छतरपुर के ये लोग नेपाल में फंसे

नेपाल घूमने गए छतरपुर के चार परिवार वहां फैली हिंसा के बीच काठमांडू के एक होटल में फंसे हुए हैं। इनमें छतरपुर कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी निवासी व्यापारी पप्पू मातेले (पुत्र स्व. सुक्कू मातेले), ट्रांसपोर्ट कारोबारी निर्देश अग्रवाल, गुड्डू अग्रवाल (पुत्र जयनारायण अग्रवाल) और एक कुशवाहा परिवार शामिल है। होटल में फंसे ये सभी लोग नेपाल में लगातार बढ़ती हिंसा और आगजनी की घटनाओं के बीच सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं।काठमांडू में मौजूद निर्देश अग्रवाल ने होटल की खिड़की से बाहर हो रही हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ का वीडियो भेजा है। परिवारों का कहना है कि हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर डर और चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

सीएम मोहन यादव ने किया ट्वीट, दिया हरसंभव मदद का भरोसा

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा: मेरे संज्ञान में आया है कि प्रदेश के छतरपुर जिले के कुछ परिवार नेपाल में फंसे हुए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर भारत सरकार से समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि उन्हें सकुशल भारत लाया जा सके। उन्होंने यह भी लिखा कि संकट की इस घड़ी में हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा है। सरकार हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायक ललिता यादव ने भी वीडियो कॉलिंग के जरिए छतरपुरवासियों का जाना हालचाल

छतरपुर स्थानीय विधायक ललिता यादव ने भी नेपाल में फंसे परिवारों से वीडियो कॉलिंग के जरिए बातचीत की और उनके हालचाल जाने हैं, इस दौरान विधायक ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार हरसंभव मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों ही स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जैसे पहले भी विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सकुशल वापस लाया गया था, वैसे ही छतरपुर के इन परिवारों को भी सुरक्षित घर लाया जाएगा।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें