आशीष चौरसिया बकस्वाहा। विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय स्कूल घौघरा में पदस्थ शिक्षक हुकमचंद जैन की सेवानिवृत्ति पर 31 अगस्त, रविवार को एक गरिमामय विदाई समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने उनके 42 वर्षों के उल्लेखनीय योगदान और शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों की खुले कंठ से सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और स्वस्थ, सुखमय तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हौरी में संकुल एवं विकासखण्ड स्तर पर किया गया। समारोह में वक्ताओं ने 1983 में सहायक शिक्षक के रूप में पदस्थ होने से लेकर सेवानिवृत्ति तक शिक्षक हुकमचंद जैन की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, सहजता और मिलनसारिता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में न सिर्फ स्कूल शिक्षा को नई ऊंचाइयां दीं, बल्कि बच्चों और आमजन के बीच प्रिय शिक्षक के रूप में पहचान बनाई।
बिदाई समारोह कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य जगदीश प्रसाद पचौरी ने की, जबकि ग्राम पंचायत बम्हौरी के सरपंच प्रतिनिधि भानुप्रताप सिंह (छुट्टू राजा), वरिष्ठ पत्रकार राजेश रागी, प्रभारी प्राचार्य रामगोपाल सिंह निवार, दुर्ग सिंह मझगुवांघाटी, पुष्पेंद्र सुनवाहा, दिनेश मलैया खेजरा, देवेन्द्र नामदेव, बृजेन्द्र सिंह, राजकुमार पांडे, राजाराम पाठक और पूरन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। क्षेत्रीय स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शिक्षक हुकमचंद जैन की बिदाई सेवानिवृत्ति समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक हुकमचंद जैन ने अपनी सेवाओं के दौरान कर्तव्यपरायणता की मिसाल कायम की और शिक्षा क्षेत्र को समृद्ध बनाने में अमूल्य योगदान की प्रशंसा व सराहना की। इसी क्रम में अपने सम्मान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हुकमचंद जैन ने स्कूल, शिक्षा विभाग, सहयोगी शिक्षक, परिजनों और क्षेत्रीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया और जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए क्षमा भी मांगी। समारोह में स्कूल स्टाफ, परिजन, रिश्तेदार और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में उपस्थित रहे।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !
