।शिवराम अठ्या।
छतरपुर। शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपनी पत्नी पर साथ छोडऩे और बदसूरत बताकर तलाक की मांग कर मानसिक उत्पीड़न व जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए है।
मामला ओरछा थाना रोड अंतर्गत आने वाले ग्राम भगवंतपुरा का हैं। जहां भगवंतपुरा निवासी विनोद अहिरवार ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पत्नी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में विनोद ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी शादी जून 2023 में गोमती अहिरवार से हुई थी, जो उस समय 12वीं तक पढ़ी थी। शादी के बाद उन्होंने सीमित संसाधनों और गरीबी के बावजूद कड़ी मेहनत और कठिन परिश्रम कर पत्नी को आगे पढ़ाया, पर जैसे ही गोमती कॉलेज गई, उसका बर्ताव पूरी तरह बदल गया। विनोद ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी पत्नी गोमती अब पढ़-लिख जाने के बाद उसके साथ रहना नहीं चाहती हैं। विनोद ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसे अब बदसूरत कहकर न सिर्फ मानसिक रूप से प्रताड़ित कर तिरस्कार कर रही, बल्कि तलाक न देने पर जान से मारने की धमकी भी दे रही है। शिकायत के मुताबिक गोमती अब मायके में रह रही है और पति को साथ रखने से इनकार कर रही है। उसने कहा कि –बीवी कहती है, तू सुंदर नईं लगता, मैं नईं रहूंगी तेर संग।” साथ ही मानसिक तनाव देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीण अंचल में रिश्तों में ऐसी टूटन और पढ़ाई के बाद बदला रवैया चिंता का विषय है। विनोद ने प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जांच कर न्याय दिलाने और कार्रवाई की मांग की है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !
