
शुभम चौधरी बीना। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बीना रेलवे स्टेशन पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को आरपीएफ, जीआरपी और कमर्शियल विभाग की संयुक्त टीम ने न सिर्फ ट्रेनों का निरीक्षण किया, बल्कि सुरक्षा इंतज़ामों को लेकर संयुक्त बैठक भी की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अंतिम समय पर बदलाव नहीं किया जाएगा, ताकि यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति न बने। वहीं, भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों को स्टेशन परिसर के बाहर रुकने के लिए उचित व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया। इसी क्रम में डीसीआई मधुकर निगम, स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) आशीष अवस्थी, सीटीआई एनके. जाटव, आरपीएफ टीआई कमल सिंह मीणा और जीआरपी थाना प्रभारी बीबी.एस. परिहार अपने स्टाफ के साथ बीना स्टेशन पर पहुंचे और दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक ट्रेनों में सघन जांच की। सुरक्षा निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्मों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यात्रियों के प्रवेश-निकास बिंदुओं की भी जांच की गई।
निरिक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल दी जाए।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !