
आशीष चौरसिया बकस्वाहा। बुधवार देर रात नगर के व्यस्ततम क्षेत्र बस स्टैंड स्थित आलोक मोबाइल सेंटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग जाने से संचालक को लाखों का नुकसान हुआ हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान धुएं और लपटों में घिर गई, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने में स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में करीब दो लाख रुपये मूल्य का मोबाइल, बैटरी, चार्जर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया हैं।
दुकान संचालक अभिषेक आलोक जैन ने बताया कि— बुधवार को हर रोज की तरह दुकान बंद कर मैं अपने भाई के साथ घर लौट आया था। रात करीब दस बजे मोहल्ले के ही संजय कुमार जैन और मुकेश कुमार जैन ने फोन पर सूचना दी कि मेरी दुकान से धुआं निकल रहा है। हम तुरंत दौड़कर पहुंचे तो देखा कि शटर आग की तरह तप रहा था। मौके पर पहुंचे अभिषेक और आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे शटर खोला तो देखा कि अंदर से भयंकर आग की लपटें उठ रही थीं। सभी ने मिलकर पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। जिससे मोबाइल हैंडसेट, बैटरियां, चार्जर, वायरिंग और इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज सहित लगभग दो लाख रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई।स्थानीय लोगों का कहना हैं कि अगर समय पर सूचना न मिलती, तो आग पास की अन्य दुकानों तक फैल सकती थी। हालांकि आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग भड़की होगी।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !