उपमुख्यमंत्री ने किया कैंसर अवेयरनेस ऐप का लोकार्पण, डॉ. श्वेता गर्ग के प्रयास से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और समय पर निदान को मिलेगी नई दिशा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संपादकीय रिपोर्ट छतरपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कैंसर अवेयरनेस ऐप का लोकार्पण किया। यह ऐप छतरपुर की डॉ. श्वेता गर्ग द्वारा विकसित किया गया है, वे पिछले 15 वर्षों से ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में कैंसर जागरूकता और प्रारंभिक जांच के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही हैं।

डॉ. गर्ग की कार्यशैली से प्रभावित हुए उपमुख्यमंत्री शुक्ल

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने डॉ. गर्ग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ यह तकनीकी पहल निश्चित रूप से एक बड़ी उपलब्धि है। यह ऐप लोगों को न केवल समय रहते कैंसर की पहचान में मदद करेगा, बल्कि जागरूकता, परामर्श और रोकथाम की दिशा में भी मार्गदर्शन देगा। डॉ. श्वेता गर्ग ने बताया कि इस ऐप का उद्देश्य कैंसर के प्रति ग्रामीण जनता में जागरूकता बढ़ाना, शुरुआती लक्षणों की पहचान करना, जांच व उपचार के लिए सही दिशा देना तथा मिथकों को दूर करना है। इस ऐप में कैंसर के विभिन्न प्रकारों की जानकारी, लक्षण, बचाव के उपाय, स्व-परीक्षण की विधियाँ, नजदीकी जांच केंद्रों की जानकारी और हिंदी में ऑडियो-संदेश शामिल हैं, ताकि कम शिक्षित वर्ग भी आसानी से इसका उपयोग कर सके।

डॉ. गर्ग ने बताया कि उन्होंने अब तक 1 लाख से अधिक लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग की है और 5 लाख से अधिक लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाए हैं। उनके प्रयासों से अब तक लगभग 1500 लोगों का जीवन बचाया जा चुका है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में स्थानीय स्तर पर कैंसर की जांच एवं परामर्श सेवाएं विकसित की हैं, जिससे लोगों को बड़े शहरों तक जाने की आवश्यकता कम हुई है। ऐप का डेमो प्रस्तुत करते हुए डॉ. गर्ग ने बताया कि उपयोगकर्ता केवल अपने मोबाइल से ही कैंसर से संबंधित जानकारी, स्क्रीनिंग शिविरों की तिथियाँ और डॉक्टर से जुड़ने की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी नवाचारपूर्ण पहल को प्रोत्साहन देगी और इस ऐप को राज्य के स्वास्थ्य मिशन के साथ जोड़ने पर विचार करेगी ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर कैंसर अवेयरनेस बाई डॉ श्वेता गर्ग नाम से निःशुल्क उपलब्ध है।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें