नीरज दीक्षित बड़ामलहरा। नगर के जिला सहकारी बैंक के सामने स्थित श्रृंगार ज्वेलर्स से मंगलवार की शाम चोरी हुआ 28 हजार रुपये कीमत का सोने का पेंडेंट पुलिस ने कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया। टीआई श्रद्धा शुक्ला ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से 75 वर्षीय महिला ठगिया बाई यादव को पेंडेंट सहित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया हैं।
जानकारी के अनुसार घटना के समय श्रृंगार ज्वेलर्स, जो कि सर्राफा संघ उपाध्यक्ष नंदलाल असाटी घिनौची वालों की दुकान है, पर उनके बेटे शुभ असाटी सहित अन्य ग्राहक भी मौजूद थे। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला सामान खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुई और मौका पाकर डिब्बे में रखा सोने का पेंडेंट चुपचाप उठा लिया। घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई।
सूचना मिलते ही टीआई श्रद्धा शुक्ला ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू की। फुटेज की मदद से चोर की पहचान नया ताल निवासी ठगिया बाई यादव (75) के रूप में की गई। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर महिला को उसके घर से पेंडेंट सहित दबोच लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस फुर्तीली कार्रवाई की सराहना पूरे नगर में हो रही है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !
