अशोक नामदेव (बमीठा) खजुराहो। थाना बमीठा अंतर्गत गंज मोहल्ले में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों के जेवर व नगदी पर हाथ साफ कर दिया हैं। चोरी की यह घटना जनपद पंचायत राजनगर के उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र अवस्थी के चाचा रामेश्वर अवस्थी के घर पर हुई, वहीं पास ही स्थित रामगोपाल नगरिया के मकान में भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार रामेश्वर अवस्थी के घर से चोर सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, कंगन और नगदी ले गए, वहीं रामगोपाल नगरिया के यहां से करीब ₹10–12 हजार नगद और जेवरात चोरी हुए। दोनों ही परिवार उस समय सो रहे थे जब चोरों ने दरवाजे खोलकर भीतर प्रवेश किया।
गांव में हो रही लगातार चोरियों से डरे ग्रामीण
गांव में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े किए हैं।घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। चोरों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ़्तार किया जाएगा।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

