सुभम चौधरी बीना। बीना जनपद की मुड़िया देहरा ग्राम पंचायत में राशन वितरण को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामवासियों ने इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक निर्मला सप्रे को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम मिर्जापुर पोस्ट भानगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों के दर्जनों ग्रामीणों—जिनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल थे—ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के सचिव और राशन दुकानदार की मिलीभगत से कई पात्र हितग्राहियों के नाम जानबूझकर राशन पर्ची से हटा दिए गए हैं।ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में यह उल्लेख है कि पात्र हितग्राहियो को बिना किसी पूर्व सूचना या सत्यापन के सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के अंतर्गत मिलने वाले राशन से उन्हें वंचित कर दिया गया। सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिन लोगों के नाम काटे गए हैं, उनमें से कई परिवार बेहद आर्थिक तंगी में जीवन यापन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई व्यक्तिगत रंजिश और पक्षपात के चलते की गई है। वे इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विधायक सप्रे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच कराने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाई जाएगी।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

