
सुमित रैकवार महोबा। थाना महोबकंठ क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो छात्रों की मौत ख़बर सामने आई हैं, वहीं दो गंभीर घायल हुए हैं। जिनका इलाज झाँसी मेडिकल कॉलेज में जारी हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार चारों छात्र पनवाड़ी कस्बे में किराए पर रहकर विवेकानंद इंटर कॉलेज में पढ़ाई करते थे। ये सभी डॉ. राजेन्द्र तिवारी के मकान में किराएदार थे। मंगलवार शाम वे किसी कार्य से बाइक से निकले थे, इसी दौरान एनएच पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद सूचना मिलते ही महोबकंठ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पनवाड़ी भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र आकाश पुत्र बबलू राजपूत (17) निवासी ब्यारजो को मृत घोषित कर दिया, वहीं भरत पुत्र केदारनाथ गुप्ता उर्फ प्रिंस (17) निवासी दुलारा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल सत्यम पुत्र राजू पाल (17) निवासी धवार और अनिल पुत्र हरि सिंह अहिरवार (19) निवासी धबार की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। इस दर्दनाक हादसे की खबर लगते ही पनवाड़ी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्कूल के शिक्षक, छात्र और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। दो युवा विद्यार्थियों की असमय मौत से पूरे कस्बे में मौन और दुःख का माहौल छा गया है।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !