
सौरभ दुबे छतरपुर। जिले में एक युवक ने अपनी टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी से परेशान होकर उसे सीधे जटाशंकर टीवीएस शोरूम के बाहर फेंक दिया। युवक का आरोप है कि महज एक महीने में स्कूटी तीन बार खराब हो चुकी है, बावजूद इसके कंपनी द्वारा न तो उचित समाधान दिया गया और न ही वादा निभाया गया।
जानकारी के अनुसार छतरपुर निवासी अश्वनी नायक ने लगभग एक माह पहले जटाशंकर टीवीएस शोरूम से नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। खरीदने के कुछ दिनों बाद ही स्कूटी में बार-बार तकनीकी खराबी आने लगी। पहली बार खराब होने पर जब उन्होंने शोरूम प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, तो उन्हें भरोसा दिलाया गया कि अब स्कूटी में कोई समस्या नहीं आएगी, और यदि दोबारा खराब हुई तो नई स्कूटी दी जाएगी। लेकिन कुछ ही दिनों में स्कूटी दोबारा बंद हो गई। तब शोरूम वालों ने यह कहते हुए सुधार किया कि “सेंसर की दिक्कत थी, अब सब ठीक है।” इसके बाद तीसरी बार स्कूटी हाइवे पर चलते-चलते अचानक बंद हो गई और दोबारा चालू नहीं हुई। युवक ने बताया कि उसे स्कूटी को धक्के मारकर शहर तक लाना पड़ा। शोरूम पहुंचकर नाराज अश्वनी नायक ने स्कूटी को सीधे जटाशंकर टीवीएस शोरूम के बाहर छोड़ दिया और कहा कि अब वह इस कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी से तंग आ चुके हैं। उनका आरोप है कि कंपनी सिर्फ आश्वासन देती रही, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया।
ग्राहक की यह नाराजगी अब चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री तो बढ़ रही है, लेकिन आफ्टर सेल सर्विस और तकनीकी विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !