फसलों की बोवनी ना होने पर खाली खेतों का कराया जाएगा सर्वे, सांसद राहुल लोधी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

नरेंद्र दीक्षित बड़ामलहरा। छतरपुर जिले में इस बार मानसून समय से पहले दस्तक दे गया, लेकिन इस बार की बारिश किसानों के लिए वरदान नहीं, बल्कि विपत्ति बन गई। लगातार सम्पूर्ण जिले में अति वर्षा के कारण खेतों में जलभराव हो गया, जिससे क्षेत्र के अधिकांश किसान खरीफ की फसल की बोवनी तक नहीं कर पाए। नतीजतन किसान आज भी खाली हाथ और खाली खेतों के साथ मायूस बैठे हैं।

इसी बीच दमोह संसदीय क्षेत्र के सांसद राहुल लोधी ने किसानों को राहत की उम्मीद दिलाई है। वे बड़ामलहरा विधानसभा के ग्राम महाराजगंज में चल रहे एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुँचे थे, जहां मिडियाकर्मियों ने किसानों की आर्थिक परेशानी और फसलों की स्थिति को लेकर उनकी राय जानी थी, जिस पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में अधिक बारिश के चलते फसलों की बोवनी नहीं हो पाई है, वहां के खाली खेतों का सर्वे कराया जाएगा। मुख्यमंत्री से चर्चा कर किसानों को यथासंभव आर्थिक मदद दिलाने के प्रयास किए जाएंगे । किसानों की मानें तो बड़ामलहरा विधानसभा के कई गांवों में अब तक खरीफ बोवनी की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। किसानों ने कर्ज लेकर व्यापारियों से बीज तो खरीद लिए, लेकिन अति वर्षा के कारण वे खेत में बोवनी नहीं कर सके। ऐसे में उनकी आमदनी और रोज़गार दोनों पर संकट मंडरा रहा है। अब देखना होगा कि दमोह लोकसभा सांसद राहुल लोधी की बात धरातल पर कब और कैसे उतरती है। सरकार इस आपदा में घिरे किसानों को उबारने में कोई ठोस कदम उठाती है या नहीं।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें