कुलपहाड़ में साईं बाबा की निकाली गई भव्य शोभायात्रा,धार्मिक उत्साह में डूबे श्रद्धालु, देर रात तक चला भंडारा प्रसाद वितरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अशोक पाटकर महोबा । कुलपहाड़ नगर में साईं बाबा मंदिर गोविंदनगर की ओर से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में श्री साईं बाबा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर के संरक्षक केदारनाथ सक्सेना (एडवोकेट) के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में सैकड़ों भक्तगण शामिल हुए।

शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन-पूजन के बाद अपरान्ह 4 बजे मंदिर प्रांगण से किया गया। साईं बाबा की पालकी, राधा-कृष्ण एवं शंकर-पार्वती की झांकियां और बग्घी पर सवार बाबा की मूर्ति यात्रा के मुख्य आकर्षण रहे। यात्रा में बजते ढोल-नगाड़े और भक्ति गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगर में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत पुष्पवर्षा से किया गया और श्रद्धालुओं ने बाबा के भजन गाते हुए भक्तिभाव से यात्रा में भाग लिया।

यह शोभायात्रा गोविंदनगर से होकर गोंदी चौराहा, बस स्टैंड, कोऑपरेटिव बैंक बाजार, पुरानी तहसील रोड, राजा वार्ड, पाराशर चौराहा होते हुए देर शाम मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई।

शाम को मंदिर प्रांगण में भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। कार्यक्रम में दिनेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, राकेश कुमार खरे, संदीप खरे (एडवोकेट), डॉ. आशीष खरे, गिरिराज कश्यप, खेत सिंह यादव, भगत अशोक अग्रवाल (पत्रकार) सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, माताएं, बहनें और साईं महिला मंडल की सदस्याएं शामिल रहीं।

Parinda Post
Author: Parinda Post

सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !

और पढ़ें