
अशोक पाटकर महोबा। बुंदेलखंड के महोबा जिले में एक कलयुगी माँ ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। पति से फोन पर विवाद होने के बाद आक्रोषित महिला ने अपनी ही एक वर्षीय मासूम बेटी को फाँसी लगाकर मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह हृदय विदारक घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ले की है। जानकारी के अनुसार खुशबू नामक महिला का चरखारी के खंदिया मुहाल निवासी अरविंद से तीन वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। करीब एक माह पूर्व खुशबू अपने पति अरविंद से विवाद के चलते अपनी एक वर्षीय बेटी ऋषिका को लेकर मायके आ गई थी। मंगलवार को भी पति-पत्नी के बीच फोन पर कहासुनी हो गई। पति से नाराज होकर खुशबू ने आवेश में आकर अपनी मासूम बेटी ऋषिका को फांसी पर लटका दिया और इसके बाद खुद भी जान देने की कोशिश की, लेकिन वह बच गई। घटना के समय खुशबू की माँ उमारानी, जो सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं, ड्यूटी पर थीं। घर पर दो बेटे पवन और अमन, तथा बेटी खुशबू अपनी बच्ची के साथ मौजूद थी। उमारानी ने बताया कि बेटी और दामाद के बीच कई दिनों से फोन पर विवाद चल रहा था और खुशबू मानसिक रूप से काफी परेशान थी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी (सदर) अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एक महिला द्वारा अपनी मासूम बेटी की फांसी लगाकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर जांच उक्त महिला को गिरफ्तार कर लिया हैं, जिसकी विवेचना कार्रवाई जारी है। इस दर्दनाक घटना से पूरा मोहल्ला स्तब्ध है। लोग यह समझ नहीं पा रहे कि जिस माँ ने बेटी को जन्म देकर पाला, उसी ने उसे मौत के हवाले कैसे कर दिया।
Author: Parinda Post
सरहदें इंसानों के लिए होती हैं, परिंदा तो आज़ाद होता है !